दैनिक सम्राट संवाददाता
विराटनगर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के विराटनगर क्षेत्र के ढाणी गैसकान गांव में फूड प्वाइजनिंग से 107 लोग बीमार हो गए। जिसमें 48 स्कूली बच्चे शामिल हैं। विराटनगर एसडीएम कपिल उपाध्याय ने बताया-गांव में गुरुवार रात एक शादी समारोह था। शादी समारोह में बची रसमलाई को शुक्रवार की सुबह गांव के स्कूल और ग्रामीणों में बांटा गया। मिठाई खाने के कुछ समय बाद ही बच्चों और अन्य लोगों को पेट दर्द, उल्टी और घबराहट की शिकायत होने लगी। कई बच्चों की तबीयत बिगडऩे पर परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए।
आतेला सीएचसी प्रभारी डॉ संतोष स्वामी ने बताया- शाम 6 तक 34 स्कूली बच्चे और 43 ग्रामीण समेत 77 मरीज को फूड प्वाइजनिंग के चलते अस्पताल में भर्ती किया गया। जिन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं शाहपुरा उप जिला अस्पताल में 14 स्कूली बच्चे और 16 ग्रामीणों का इलाज चल रहा है।
शाहपुरा और आंतेला अस्पताल में कराया भर्ती
बीमार बच्चों और अन्य लोगों को उपचार के लिए शाहपुरा और आंतेला के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया गया। इस दौरान आंतेला में भर्ती सभी मरीजों की तबीयत में सुधार होने पर छुट्टी दे दी गई।
रसमलाई खाने से 48 बच्चों समेत 107 बीमार, शादी समारोह में बची मिठाई स्कूल में बांटी
रसमलाई खाने से 48 बच्चों समेत 107 बीमार, शादी समारोह में बची मिठाई स्कूल में बांटी