ENG vs NZ Super 8 Live Score: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा
इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को सुपर-8 के रोमांचक मुकाबले में चार विकेट से हरा दिया। शुक्रवार को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.3 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड की इस जीत से पाकिस्तान ने राहत की सांस ली है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उनके लिए अब भी रास्ता खुला है। पाकिस्तान को अपना आखिरी मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ खेलना है, अगर टीम यह मैच बड़े अंतर से जीतती है और बेहतर नेट रन रेट कर लेती है तो सेमीफाइनल में प्रवेश कर सकती है।
न्यूजीलैंड टीम के कप्तान मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया था, जिसके बाद कीवी टीम 20 ओवर्स में 7 विकेट के नुकसान पर 159 रनों का स्कोर बनाने में कामयाब रही। न्यूजीलैंड की तरफ से बल्लेबाजी में ग्लेन फिलिप्स ने 39 जबकि टिम सीफर्ट ने 35 रनों की अहम पारी खेली। इसके अलावा फिन एलन के बल्ले से 29 रनों की पारी देखने को मिली। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी में आदिल रशीद, विल जैक्स और रेहान अहमद 2-2 विकेट लेने में कामयाब रहे, इसके अलावा लियम डॉसन भी एक विकेट लेने में कामयाब रहे।
इंग्लैंड की टीम जब इस टारगेट का पीछा करने उतरी तो उनकी शुरुआत काफी खराब देखने को मिली जिसमें उन्होंने 2 के स्कोर तक अपने शुरुआती दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हैरी ब्रूक और जैकब बेथल ने पारी को संभालने का प्रयास किया लेकिन वह भी कुछ खास नहीं कर सके। इंग्लैंड की टीम ने 100 के स्कोर तक अपनी आधी टीम को गंवा दिया था। यहां से विल जैक्स ने एक छोर से पारी को संभाले रखा और टीम को जीत की तरफ से लेकर जाने का प्रयास किया जिसमें उन्हें रेहान अहमद का साथ मिला। जैक्स और रेहान के बीच में 7वें विकेट के लिए 16 गेंदों में 44 रनों की साझेदारी ने इंग्लैंड को इस मैच में जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। जैक्स ने इस मैच में 18 गेंदों में 32 रनों की पारी खेली तो वहीं रेहान के बल्ले से 7 गेंदों में 19 रनों की पारी देखने को मिली। न्यूजीलैंड के लिए इस मैच में गेंदबाजी में रचिन रवींद्र ने तीन जबकि मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्युसन और ग्लेन फिलिप्स ने 1-1 विकेट हासिल किया।