अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को दावा किया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने होर्मुज को खुला रखने में मदद की पेशकश की है। फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रम्प ने कहा कि शी जिनपिंग चाहते हैं कि अमेरिका और ईरान के बीच कोई समझौता हो जाए।
ट्रम्प के मुताबिक, शी जिनपिंग ने कहा कि अगर मैं किसी तरह मदद कर सकता हूं, तो मैं मदद करना चाहूंगा। चीन बड़ी मात्रा में ईरानी तेल खरीदता है, इसलिए उसकी भी दिलचस्पी है कि होर्मुज खुला रहे।
उन्होंने कहा, जो देश इतना ज्यादा तेल खरीदता है, उसका जाहिरतौर पर ईरान के साथ रिश्ता होता है। चीन चाहता है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला रहे।
वहीं, ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों के लिए नए नियम लागू किए हैं। अब इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को ईरान की निगरानी और मंजूरी से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने BRICS देशों से अपील की है कि वो अमेरिका और इजराइल की निंदा करें।
1. होर्मुज में गुजरात का एक और जहाज डूबा: गुजरात का मालवाहक जहाज ‘हाजी अली’ ओमान के पास ड्रोन या मिसाइल जैसे हमले की चपेट में आकर डूब गया। सभी 14 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बचा लिया गया।
2. ईरान ने चीनी जहाजों को होर्मुज से गुजरने दिया: ईरानी मीडिया के मुताबिक IRGC की निगरानी में कई चीनी जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित निकाला गया।
3. ईरान बोला- इजराइल के साथ मिलीभगत करने वालों को जवाब मिलेगा: ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने चेतावनी दी कि इजराइल के साथ मिलकर ईरान के खिलाफ साजिश करने वालों को जवाब दिया जाएगा। उनका बयान नेतन्याहू के कथित UAE दौरे के दावे के बाद आया।
4. ईरान ने BRICS से अमेरिका-इजराइल की निंदा करने को कहा: नई दिल्ली में BRICS बैठक के दौरान ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने अमेरिका और इजराइल पर अंतरराष्ट्रीय कानून तोड़ने का आरोप लगाया और BRICS देशों से खुलकर विरोध की अपील की।
5. अमेरिका का दावा- होर्मुज नाकाबंदी के बाद 70 जहाजों ने रास्ता बदला: CENTCOM के मुताबिक होर्मुज में तनाव बढ़ने के बाद अब तक 70 व्यापारिक जहाजों ने अपना रूट बदल लिया है।
ट्रम्प पत्रकार के सवाल पर भड़के, झूठा इंसान बताया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को लेकर पूछे गए एक सवाल पर पत्रकार पर नाराजगी जताई। ट्रम्प ने रिपोर्टर को झूठा इंसान बताया और उसकी रिपोर्टिंग को देशद्रोह जैसा करार दिया।
ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान में पूरी तरह सैन्य जीत हासिल की है और यह बात सभी मानते हैं। उन्होंने कहा, सिर्फ आप जैसे लोग ही सच नहीं लिखते।
इसके बाद ट्रम्प ने पत्रकार पर तंज करते हुए कहा, मुझे लगता है कि जिस तरह आप लिखते हैं, वह किसी तरह देशद्रोह जैसा है। आपके एडिटर आपको जो लिखने को कहते हैं, आप वही लिखते हैं। आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए।
लेबनानी संसद के स्पीकर बोले- इजराइल से सीजफायर वार्ता पर अभी कुछ नहीं कहूंगा
लेबनान के संसद स्पीकर शिया नेता नबीह बेरी ने कहा है कि लेबनान और इजराइल के बीच चल रही वार्ताओं को लेकर उम्मीद और निराशा दोनों हैं।
नबीह बेरी ने कहा कि मैं अभी इस पर कुछ नहीं कहूंगा, लेकिन जब बातचीत खत्म होगी तब मेरे पास कहने के लिए बहुत कुछ होगा।
अल जजीरा के मुताबिक, यह बातचीत लेबनान-इजराइल संघर्ष खत्म करने और हिजबुल्लाह के हथियार छोड़ने के मुद्दे पर हो रही है।
बेरी ने यह भी कहा कि इजराइल के साथ किसी भी समझौते को सऊदी अरब-ईरान-अमेरिका के दायरे में होना चाहिए।

लेबनान के संसद स्पीकर शिया नेता नबीह बेरी।
ट्रम्प का दावा- ईरान के ज्यादातर मिसाइल लॉन्चर तबाह
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने उन रिपोर्टों को फेक न्यूज बताया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान के पास अब भी बड़ी संख्या में मिसाइल लॉन्चर मौजूद हैं।
एयर फ़ोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिकी हमलों में ईरान के मिसाइल लॉन्चरों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि हम उन्हें पिनाटा की तरह निशाना बना रहे थे।
ट्रम्प के मुताबिक, मिसाइल लॉन्चर अब लगभग खत्म हो चुके हैं। अगर अमेरिका दोबारा ईरान में कार्रवाई करता है, तो बचे हुए लॉन्चरों को भी बहुत जल्दी खत्म कर दिया जाएगा।
ईरानी सुप्रीम लीडर बोले- लोगों की हिम्मत ने देश को और मजबूत बनाया
ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने कहा है कि देश के लोगों की हिम्मत ने ईरान को अमेरिका का सामना करने के लिए और ज्यादा मजबूत बना दिया है।
खामेनेई ने कहा कि हालिया जंग के दौरान ईरान ने दिखा दिया कि फिरदौसी की वीरता से भरी कहानियां सिर्फ कल्पना नहीं, बल्कि ईरानी जनता के वास्तविक जीवन और उनके साहस का प्रतीक हैं।