नई दिल्ली। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम में आतंकियों ने एक सुरक्षा चौकी पर हमला कर दिया। उन्होंने बारूद से भरी एक गाड़ी को कैंप में घुसा दिया और गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें आठ सैनिक मारे गए और 35 अन्य घायल हो गए।
गुरुवार रात को हुआ यह बम धमाका हाल के दिनों में हुए तीन आतंकवादी हमलों के बाद हुआ है। इन हमलों में 30 लोग मारे गए हैं और अफगानिस्तान के साथ फिर से लड़ाई छिड़ने का खतरा पैदा हो गया है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान आतंकवादी गुटों को पनाह देता है। काबुल में तालिबान सरकार इन आरोपों को खारिज करती रही है।
अफगानिस्तान के साथ पहाड़ी सीमा पर, बाजौर जिले में स्थित इस सुरक्षा चौकी से मिली तस्वीरों में देखा जा सकता है कि इमारत का ज्यादातर हिस्सा टूटकर मलबे में बदल गया है, जबकि बाकी बची इमारत के कुछ हिस्से जलकर काले पड़ गए हैं।
बारुद से भरी कार से हुआ धमाका
एक अधिकारी ने बताया, ''आतंकवादियों ने सबसे पहले एक क्वाडकाप्टर से कैंप को निशाना बनाया और फिर बारूद से भरी कार को इमारत से टकरा दिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।'' 'इसके बाद, हथियारबंद आतंकवादी सुरक्षा कैंप में घुस गए और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी।'
पाकिस्तान सेना की नहीं आई प्रतिक्रिया
यह सुरक्षा चौकी सीमा पार से होने वाले हमलों का मुकाबला करने के लिए एक अहम ठिकाना थी। अधिकारी का दावा है कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई में सभी हमलावरों को मार गिराया। पाकिस्तान की सेना ने इस हमले पर अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है।