उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2025 :7.70 लाख अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम
दैनिक सम्राट संवाददाता
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राज्य सरकार निष्पक्ष एवं विश्वसनीय परीक्षा प्रणाली के प्रति प्रतिबद्ध है तथा पेपर लीक के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के साथ कार्य किया जाए, ताकि स्थापित विश्वास को अक्षुण्ण रखा जा सके।
मुख्य सचिव ने उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से आयोजन को लेकर सचिवालय में उच्चस्तरीय समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया को सुदृढ़ निगरानी और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के साथ संपन्न कराया जाए।
5-6 अप्रैल को होने वाली परीक्षा राज्य के 1174 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें लगभग 7.70 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे।
मुख्य सचिव द्वारा प्रस्तावित परीक्षा के लिए सभी स्तरों पर समन्वित एवं उत्तरदायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित संभागीय आयुक्तों, जिला कलेक्टर्स एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी, प्रभावी कानून-व्यवस्था और समयबद्ध समन्वय सुनिश्चित करते हुए किसी भी प्रकार की शिथिलता न रहे।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रश्न पत्रों की गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके सुरक्षित भंडारण, परिवहन एवं समयबद्ध वितरण तथा संदिग्ध व्यक्तियों को सूचीबद्ध कर निगरानी रखने, डमी अभ्यर्थियों को रोकने की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वीडियोग्राफी, फ्लाइंग स्क्वॉड की सक्रियता के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।