नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने रविवार को NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोला है। वही, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उनके पद से नहीं हटाए जाने को लेकर सवाल उठाए है।
एक्स पर एक पोस्ट में राहुल ने 2024 और 2026 के नीट पेपर लीक मामलों से निपटने के तरीके की तुलना की और पीएम मोदी से देश द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब देने की मांग की।
पेपर लीक पर मंत्री का इस्तीफा क्यों नहीं?
कांग्रेस नेता ने अपनी पोस्ट में लिखा कि नीट 2024 पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद नहीं हुई। मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। सीबीआई ने जांच शुरू की। एक समिति बनाई गई। नीट 2026 पेपर लीक हुआ। परीक्षा रद कर दी गई। मंत्री ने अभी भी इस्तीफा नहीं दिया। सीबीआई फिर से जांच कर रही है। एक और समिति बनाई जाएगी।
उन्होंने आगे कहा, "मोदी जी देश के आपसे कुछ सवाल हैं। उनके जवाब दीजिए! बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं? आप इस बार-बार होने वाली परीक्षा पे चर्चा पर चुप क्यों हैं? आपने बार-बार विफल हो रहे शिक्षा मंत्री को बर्खास्त क्यों नहीं किया है?"
नीट-यूजी 2026 रद, अब 21 जून को होगी परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने मंगलवार को 3 मई को आयोजित हुई नीट-यूजी 2026 परीक्षा को रद कर दिया। यह कदम जांचकर्ताओं को मिले उन सबूतों के बाद उठाया गया, जिनमें पाया गया था कि परीक्षा से पहले ही प्रश्न पत्र के कई सवाल लीक हो गए थे।
सरकार ने बाद में यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंप दिया। अब यह परीक्षा 21 जून को फिर से आयोजित की जाएगी। इस रद्दीकरण से लगभग 23 लाख उम्मीदवार प्रभावित हुए हैं। 2019 में एनटीए द्वारा परीक्षा के आयोजन का जिम्मा संभालने के बाद यह पहली बार है जब पूरी नीट-यूजी परीक्षा को रद किया गया है।
ज्ञात हो कि 2024 में, अंकों में विसंगतियों के बाद 1,563 छात्रों के लिए परीक्षा आंशिक रूप से फिर से आयोजित की गई थी।
पुणे की टीचर मास्टरमाइंड के तौर पर गिरफ्तार
इस बीच, सीबीआई ने शनिवार को इस मामले में एक और कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनीषा गुरुनाथ मंधारे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के पुणे में वनस्पति विज्ञान की वरिष्ठ शिक्षिका हैं।
एजेंसी के अनुसार, मंधारे को पूछताछ के बाद दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। जांचकर्ताओं का आरोप है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा में जीव विज्ञान के प्रश्न लीक करने का मुख्य स्रोत वही थीं। सीबीआई ने बताया कि मंधारे नीट-यूजी 2026 परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ी थीं और उन्हें एनटीए द्वारा एक विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त किया गया था, जिससे उनकी पहुंच बॉटनी और जूलॉजी के प्रश्न पत्रों तक थी।
राहुल गांधी ने शुक्रवार को भी नीट पेपर लीक विवाद से जुड़ी छात्रों की आत्महत्याओं की बढ़ती संख्या को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।
परीक्षा रद होने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले उत्तर प्रदेश के एक 21 वर्षीय छात्र की मौत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये युवा परीक्षा से नहीं हारे, उन्हें एक भ्रष्ट व्यवस्था ने मार डाला है। यह आत्महत्या नहीं है। यह सिस्टम द्वारा की गई हत्या है।