वानखेड़े में बरसे Rohit Sharma और रयान रिकेल्टन, मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 6 विकेट से हराया

वानखेड़े में बरसे Rohit Sharma और रयान रिकेल्टन, मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 6 विकेट से हराया

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले मैच में विराट कोहली (69*) और दूसरे मुकाबले में रोहित शर्मा (78) का शो देखने को मिला। रविवार को हिटमैन ने रयान रिकेल्टन (81) के साथ मैच विनिंग पार्टनरशिप (148) कर मुंबई की जीत पक्‍की कर दी। वानखेड़े स्‍टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के इस दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइटराइडर्स को 6 विकेट से हराया।

मुंबई इंडियंस 14 साल बाद आईपीएल का ओपनिंग मैच जीती है। इससे पहले मुंबई इंडियंस आखिरी बार आईपीएल 2012 में अपना पहला मैच जीता था। साथ ही मुंबई ने आईपीएल इतिहास में अपना सबसे ज्‍यादा रन चेज (221) कर लिया है। मुंबई ने 2021 में चेन्‍नई सुपर किंग्‍स के खिलाफ 219 रन चेज किए थे।

कप्तान अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की पारी बदौलत कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 221 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। मुंबई इंडियंस के कप्‍तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए। इस टारगेट को मुंबई ने 20वें ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

रहाणे-एलन ने दी तेज शुरुआत

अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए तेज गति से रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। टीम ने पावरप्ले में तेजी से रन बटोरे और मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। हालांकि, पावरप्ले के अंतिम ओवर में केकेआर को पहला झटका लगा।

फिन एलन छठे ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। एलन ने 17 गेंदों में छह चौके और दो छक्कों की मदद से 37 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे के साथ पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 69 रन की साझेदारी कर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।

रहाणे ने खेली कप्तानी पारी

मुंबई के विरुद्ध उनके घरेलू मैदान पर कप्तान अजिंक्य रहाणे ने जिम्मेदारी भरी कप्तानी पारी खेली। रहाणे ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 40 गेंदों में 67 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूत आधार दिया। दूसरी ओर, कैमरन ग्रीन बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सके और 10 गेंदों में 18 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने। ग्रीन के जल्दी आउट होने के बावजूद कोलकाता की रनगति पर ज्यादा असर नहीं पड़ा।

अंगकृष और रिंकू ने की अर्धशतकीय साझेदारी

मध्य ओवरों में अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने पारी को संभालते हुए टीम को बड़े स्कोर की ओर बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए 30 गेंदों में 60 रन की अहम साझेदारी की। अंगकृष ने शानदार अर्धशतक जड़ा और 29 गेंदों में 51 रन बनाए।

उन्होंने अपनी पारी में तेजी से रन जुटाते हुए मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। दूसरी ओर, रिंकू सिंह ने भी अंतिम ओवरों में उपयोगी योगदान दिया और 21 गेंदों में 33 रन बनाकर टीम को 220 के पार पहुंचाने में मदद की।

महंगे साबित हुए हार्दिक

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या इस मुकाबले में महंगे साबित हुए। उन्होंने पारी का चौथा ओवर किया, जिसमें क्रीज पर अजिंक्य रहाणे और फिन एलन मौजूद थे। दोनों बल्लेबाजों ने इस ओवर में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 26 रन बटोर लिए। यह आईपीएल में हार्दिक पांड्या के एक ओवर में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा रन हैं। इससे पहले उन्होंने 2024 में वानखेड़े स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के विरुद्ध भी एक ओवर में 26 रन खर्च किए थे।

मुंबई के गेंदबाज रहे फ्लॉप

मुंबई के गेंदबाज पूरे मैच में संघर्ष करते नजर आए। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली टीम ने छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया, लेकिन शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पांड्या को छोड़कर किसी अन्य गेंदबाज को सफलता नहीं मिली। शार्दुल ठाकुर ने चार ओवर में 39 रन देकर तीन विकेट झटके और टीम को कुछ राहत दिलाई। वहीं, हार्दिक पांड्या ने तीन ओवर में 39 रन देकर एक विकेट हासिल किया। इसके अलावा ट्रेंट बोल्ट, अल्लाह गजनफर, जसप्रीत बुमराह और मयंक मारकंडे को कोई सफलता नहीं मिली।

मुंबई के ओपनर्स ने खोले धागे

221 रन चेज करने उतरी मुंबई इंडियंस की सलामी जोड़ी पवेलियन से ही सेट होकर मैदान में आई। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने आते ही कोलकाता के गेंदबाजों पर प्रहार किया। दोनों में से कोई थमने का नाम नहीं ले रहा था। पावरप्‍ले के आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा की फिफ्टी हुई। रोहित शर्मा ने 23 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह आईपीएल में उनकी सबसे तेज फिफ्टी है। रोहित के बाद रिकेल्‍टन ने भी अर्धशतक लगाया। उन्‍होंने इस आंकड़े को 24 गेंदों में छुआ।

IPL में सबसे ज्यादा 50 से अधिक रन

  • 72 - विराट कोहली
  • 66 - डेविड वार्नर
  • 53 - शिखर धवन
  • 50 - रोहित शर्मा*
  • 45 - केएल राहुल

9 ओवर में शतक हुआ पूरा

9वें ओवर में ही मुंबई का स्‍कोर 100 के पार पहुंच गया था। 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर रयान को जीवनदान मिला। वैभव अरोड़ा ने रिकेल्‍टन का कैच छोड़ दिया। फिर क्‍या था रयान के साथ रोहित शर्मा का हवाई शो वानखेड़े में जारी रहा। दोनों छक्‍के-चौके से अपनी पारी को बुन रहे थे। फैंस को पैसा वसूल मैच देखने को मिल रहा था, ऐसे में वह अपनी टीम का उत्साहवर्धन कर रहे थे।

रोहित शर्मा ने ठोके 78 रन

12वें ओवर की 5वीं गेंद पर रोहित शर्मा की पारी का अंत हुआ। वैभव शर्मा की गेंद पर अनुकूल रॉय ने पीछे भागते हुए गजब का कैच लपका। मुंबई के पूर्व कप्‍तान रोहित ने 205.26 की स्‍ट्राइक रेट से बल्‍लेबाजी की और 38 गेंदों पर 78 रन बनाए। अपनी इस पारी में हिटमैन ने 6 चौके और इतने ही छक्‍के ठोके। रोहित और रयान के बीच पहले विकेट के लिए 71 गेंदों पर 148 रनों की साझेदारी हुई।

मुंबई के आईपीएल में हाईएस्‍ट पार्टनरशिप

  • 167* - रोहित और गिब्स बनाम केकेआर, कोलकाता, 2012 (दूसरा विकेट)
  • 163* - ड्वेन स्मिथ और तेंदुलकर बनाम राजस्‍था, जयपुर, 2012 (पहला विकेट)
  • 148 - रोहित और रयान बनाम केकेआर, वानखेड़े, 2026 (पहला विकेट)*
  • 143* - सूर्यकुमार और तिलक वर्मा बनाम हैदराबाद, वानखेड़े, 2024 (चौथा विकेट)

IPL में किसी प्रतिद्वंदी के खिलाफ सर्वाधिक रन

1161 रन: रोहित शर्मा बनाम कोलकाता*
1159 रन: विराट कोहली बनाम पंजाब
1146 रन: विराट कोहली बनाम चेन्‍नई
1134 रन: डेविड वार्नर बनाम पंजाब
1130 रन: विराट कोहली बनाम दिल्‍ली
1093 रन: डेविड वार्नर बनाम कोलकाता

सूर्यकुमार यादव की छोटी पारी

इसके बाद 3 नंबर पर बतौर इम्‍पैक्‍ट प्‍लेयर सूर्यकुमार यादव आए। सूर्या ने कुछ अच्‍छे शॉट लगाए और रिंकू सिंह की गोद में उनकी पारी ने दम तोड़ दिया। स्‍काई ने 8 गेंदों पर 16 रन बनाए। इम्‍पैक्‍ट प्‍लेयर कार्तिक त्‍यागी ने सूर्या का विकेट अपने नाम दर्ज कराया।

रन आउट से रयान की पारी का अंत

शतक की ओर तेजी से बढ़ रहे रयान दुर्भाग्‍यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए। पाकिस्‍तान सुपर लीग छोड़कर आईपीएल खेलने आए ब्लेसिंग मुजरबानी की गेंद पर अनुकूल रॉय के डायरेक्‍ट थ्रो के चलते रयान को पवेलियन जाना पड़ा। मुंबई के सलामी बल्‍लेबाज ने 4 चौकों और 8 छक्‍कों की मदद से 43 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली।

रयान ने गेंद को लॉन्ग-ऑफ की तरफ खेला और एक रन लिया। वह दूसरा रन भी लेना चाहते थे, लेकिन तिलक ने उन्हें वापस पवेलियन भेज दिया। मुजरबानी एक पल के लिए रयान के रास्ते में आ गए थे, इसलिए रिकेलटन क्रीज पर वापस नहीं आ सके।

19वें ओवर में सुनील नरेन ने तिलक वर्मा का शिकार किया। तिलक ने 14 गेंदों पर 20 रन बनाए। कप्‍तान हार्दिक पांड्या 18 और नमन धीर 5 रन बनाकर नाबाद रहे। कोलकाता की ओर से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्‍यागी और सुनील नरेन के खाते में 1-1 विकेट आया। 

22 hours, 27 minutes ago खेल