निर्माण कार्य के चलते कस्बे का प्रवेश मार्ग बंद, रोडवेज बसों ने बदला रूट
दैनिक सम्राट संवाददाता
चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चाकसू बाइपास स्थित कट पर चल रहे पुलिया निर्माण कार्य ने आमजन की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। निर्माण कार्य के कारण चाकसू कस्बे में प्रवेश का मुख्य मार्ग बंद होने से रोडवेज बसों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्थिति यह है कि अधिकांश रोडवेज बस चालक यात्रियों को कस्बे के भीतर लाने के बजाय बाइपास पर ही उतार रहे हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दैनिक यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले करीब पंद्रह दिनों से जारी इस निर्माण कार्य के कारण चाकसू का यातायात तंत्र अव्यवस्थित हो चुका है। पहले भी कई रोडवेज बसें चाकसू कस्बे में प्रवेश किए बिना सीधे बाइपास से निकल जाती थीं, लेकिन अब पुलिया निर्माण के चलते लगभग पूरी तरह यही स्थिति बन गई है। जयपुर, टोंक, कोटा, निवाई और अन्य मार्गों से आने-जाने वाले यात्रियों को अब बाइपास पर उतरकर अलग-अलग साधनों से कस्बे तक पहुंचना पड़ रहा है।
यात्रियों के लिए बढ़ी दोहरी परेशानी: रोडवेज बसों के चाकसू कस्बे में नहीं आने से यात्रियों को दोहरी परेशानी उठानी पड़ रही है। एक ओर उन्हें बाइपास पर उतरना पड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर वहां से कस्बे तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त किराया खर्च करना पड़ रहा है। कई बार यात्रियों को ऑटो या निजी वाहन उपलब्ध नहीं होने पर पैदल ही लंबी दूरी तय करनी पड़ती है।सबसे अधिक परेशानी सुबह और शाम के समय देखने को मिल रही है, जब नौकरीपेशा लोग, विद्यार्थी और दैनिक यात्री बड़ी संख्या में आवागमन करते हैं। बसें सीधे बाइपास पर यात्रियों को उतारकर आगे निकल जाती हैं, जिससे लोगों को तेज धूप, गर्मी और ट्रैफिक के बीच असुरक्षित तरीके से सडक़ पार करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य शुरू तो करवा दिया गया, लेकिन वैकल्पिक यातायात व्यवस्था नहीं बनाई गई।

बाइपास पर बढ़ा हादसों का खतरा: निर्माण कार्य के चलते चाकसू कट से कस्बे की ओर सीधा प्रवेश बंद कर दिया गया है। ऐसे में कई वाहन चालक टोल प्लाजा और यारलीपुरा पुलिया के नीचे से रॉन्ग साइड में वाहन निकालकर चाकसू पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। इससे सडक़ हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है।बाइपास पर तेज गति से दौड़ते वाहनों के बीच अचानक रॉन्ग साइड से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन कई बार दुर्घटना की स्थिति पैदा कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भारी वाहनों की लंबी कतारें भी लग रही हैं, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
कस्बे में बसों का इंतजार कर रहे यात्री परेशान: चाकसू कस्बे के बस स्टैंड और निर्धारित बस स्टॉपों पर रोडवेज बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को यह जानकारी ही नहीं मिल पा रही कि कौनसी बस कस्बे में आएगी और कौनसी सीधे बाइपास से निकल जाएगी।
निजी बसों और लो फ्लोर बसों का सहारा: रोडवेज बसों की अव्यवस्था के चलते अब कई यात्रियों ने निजी बसों और लो फ्लोर बसों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। हालांकि निजी बसों में अधिक किराया और भीड़ की समस्या बनी रहती है। वहीं कई निजी वाहन चालक भी इस स्थिति का फायदा उठाकर यात्रियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों पर भी असर: पुलिया निर्माण और यातायात अव्यवस्था का असर केवल यात्रियों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों पर भी पड़ रहा है। कस्बे में आने-जाने वाले लोगों की संख्या कम होने से बाजारों में रौनक घट गई है। कई दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में व्यापार प्रभावित हुआ है।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठ रहे सवाल: स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिया निर्माण कार्य जरूरी है, लेकिन इसके लिए पहले वैकल्पिक मार्ग और यातायात योजना तैयार की जानी चाहिए थी। बिना पर्याप्त व्यवस्था के मुख्य प्रवेश मार्ग बंद कर देने से आमजन की परेशानी बढ़ गई है। लोगों का आरोप है कि पिछले पंद्रह दिनों से समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि स्थिति सुधारने के लिए गंभीर नजर नहीं आ रहे।
दैनिक सम्राट संवाददाता ने यात्रियों से की बात: दैनिक यात्रा करने वाले संजय सैनी ने बताया कि पुलिया निर्माण कार्य के कारण चाकसू में वाहनों का सीधा प्रवेश बंद हो गया है। रोडवेज बसें अब कस्बे के भीतर नहीं आ रही हैं, जिससे जयपुर आने-जाने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरन निजी बसों और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
वहीं देशवाली मदद फाउंडेशन संस्थान राजस्थान के सदस्य एमडी इसराईल देशवाली ने बताया कि मार्ग बंद होने से वाहन चालकों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जयपुर और अन्य स्थानों से आने वाले यात्रियों को रोडवेज चालक बाइपास पर ही उतार देते हैं, जिसके बाद उन्हें अलग से वाहन करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की मांग की।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की मांग: स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया निर्माण कार्य पूरा होने तक चाकसू कस्बे में रोडवेज बसों के प्रवेश के लिए वैकल्पिक और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाकर रॉन्ग साइड चलने वाले वाहनों पर सख्ती की जाए।लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। यात्रियों ने प्रशासन से यह भी मांग की है कि रोडवेज विभाग स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करे ताकि यात्रियों को पहले से जानकारी मिल सके कि कौनसी बसें कस्बे में आएंगी और कौनसी बाइपास से गुजरेंगी।फिलहाल पुलिया निर्माण कार्य के चलते चाकसू का यातायात पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है और आमजन राहत मिलने का इंतजार कर रहे हैं।