Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

उप जिला अस्पताल चाकसू के बाहर जाम से हालात बदतर, मरीजों को हो रही भारी परेशानी

उप जिला अस्पताल चाकसू के बाहर जाम से हालात बदतर, मरीजों को हो रही भारी परेशानी
उप जिला अस्पताल चाकसू के बाहर जाम से हालात बदतर, मरीजों को हो रही भारी परेशानी

चाकसू (लोकेश कुमार गुप्ता)। कस्बे के उप जिला अस्पताल के बाहर लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम ने आमजन और मरीजों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात इतने खराब हैं कि गंभीर मरीजों को लेकर आने-जाने वाली 108 एम्बुलेंस तक जाम में फंस जाती है, जिससे समय पर इलाज मिलना मुश्किल हो रहा है।
अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर सडक़ पर दिनभर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और आड़े-तिरछे खड़े दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के कारण स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यहां पर अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है कि सडक़ पूरी तरह अवरुद्ध हो जाती है और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी इस जाम से जूझना पड़ता है। वार्ड नंबर 10 भाजपा प्रत्याशी एमडी इसराईल देशवाली का कहना है कि कई बार गंभीर हालत में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में देरी हो जाती है, जो उनके लिए जानलेवा साबित हो सकती है। 
खासतौर पर 108 एम्बुलेंस को जाम में फंसने से सबसे ज्यादा परेशानी होती है, क्योंकि हर मिनट मरीज की जान के लिए महत्वपूर्ण होता है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से इस समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं किया जा सका है।गौरतलब है कि इस समस्या को लेकर उपखंड अधिकारी निधि मीणा , चाकसू  थानाधिकारी मनोहर लाल मेघवाल, नगरपालिका इओ बनवारी लाल शर्मा द्वारा पहले भी अस्पताल क्षेत्र का निरीक्षण किया जा चुका है। निरीक्षण के दौरान जाम की स्थिति को सुधारने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। आज भी हालात जस के तस बने हुए हैं।अस्पताल के बाहर  खड़े मोटरसाइकिल वाहन से सडक़ संकरी हो गई है, जिससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। कई बार तो मरीजों को स्ट्रेचर पर अस्पताल तक ले जाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है।
स्थानीय नागरिकों और मरीजों के परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल के बाहर ट्रैफिक व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए। साथ ही अवैध पार्किंग पर सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह का जाम न केवल असुविधाजनक है, बल्कि कई बार जानलेवा भी साबित हो सकता है।