Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
13 मई 2026
Epaper

भीनमाल में 7 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ 4 से, कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ, अभयदास महाराज सुनाएंगे अमृतमय कथा

भीनमाल में 7 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ 4 से, कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ, अभयदास महाराज सुनाएंगे अमृतमय कथा
भीनमाल में 7 दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ 4 से, कलश यात्रा के साथ होगा शुभारंभ, अभयदास महाराज सुनाएंगे अमृतमय कथा

भीनमाल (विक्रम राठी)। शहर के जाकोब तालाब स्थित श्री नीमगोरिया क्षेत्रपाल मंदिर परिसर में 4 अप्रैल से 10 अप्रैल तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस धार्मिक महायज्ञ में पूज्य अभयदास महाराज के श्रीमुख से श्रीमद् भागवत महापुराण की अमृतमयी कथा का रसपान करने का अवसर मिलेगा। कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायं 5:30 बजे तक किया जाएगा।
कलश यात्रा से होगी शुरुआत: कार्यक्रम का शुभारंभ 4 अप्रैल, शनिवार को प्रात: 8:30 बजे गायत्री शक्तिपीठ से निकलने वाली भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा में भाग लेने वाली मातृशक्ति को आवश्यक सामग्री शक्तिपीठ से ही उपलब्ध कराई जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार, यात्रा में शामिल होने के लिए पंजीकरण अनिवार्य है, जिसकी अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित की गई है।
बैठक में तैयारियों की समीक्षा: आयोजन को लेकर शुक्रवार को नीमगोरिया ट्रस्ट की बैठक स्थानीय कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में अध्यक्ष प्रेमाराम बंजारा, उपाध्यक्ष नेनाराम, कपूराराम जीनगर, कोषाध्यक्ष पहाड़ सिंह राव एवं सचिव दिनेश दवे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में कथा महायज्ञ की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
सामूहिक सहयोग से होगा आयोजन: यह धार्मिक आयोजन श्री नीमगोरिया क्षेत्रपाल मंदिर ट्रस्ट एवं समस्त क्षेत्रवासियों के सहयोग से संपन्न कराया जा रहा है। महायज्ञ की पूर्णाहुति 10 अप्रैल को सायंकाल शुभ वेला में होगी।
आयोजकों ने सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की है। इस आयोजन से क्षेत्र में भक्ति, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक जागृति का वातावरण बनने की उम्मीद है।