इस्लामाबाद. अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ ने आज इस्लामाबाद में मुलाकात की। व्हाइट हाउस ने इस बैठक की पुष्टि की है। सीजफायर पर बातचीत के लिए अमेरिका और ईरान का डेलिगेशन पाकिस्तान पहुंचा है।
अमेरिका की तरफ से इस बातचीत का नेतृत्व जेडी वेंस कर रहे हैं, जबकि ईरान की तरफ से संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ अगुआई कर रहे हैं। दोनों देशों के बीच बैठक कुछ ही देर में शुरू होने वाली है।
इस बीच, व्हाइट हाउस ने उन खबरों को गलत बताया है, जिनमें कहा जा रहा था कि अमेरिका, ईरान की जब्त प्रॉपर्टी छोड़ने के लिए तैयार है। इसस पहले कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि कतर और दूसरे देशों के बैंकों में रखे ईरान के पैसे अमेरिका रिलीज करने वाला है।
प्लेन में बच्चों की तस्वीरें रखकर पाकिस्तान पहुंचे गालिबाफ
गालिबाफ ने इस्लामाबाद पहुंचने के बाद एक्स पर एक फोटो शेयर की। इसमें विमान की सीटों पर चार बच्चों की तस्वीरें रखी हैं, जिनके साथ उनके खून से सने स्कूल बैग और जूते रखे हैं और फूल भी रखा है।
ईरानी शहर मिनाब में जंग के पहले ही दिन 28 फरवरी को एक प्राइमरी स्कूल पर हमला हुआ था, जिसमें 168 लोगों की मौत हुई थी। इनमें बच्चे और स्कूल का स्टाफ भी शामिल था।
इस हमले का आरोप अमेरिका और इजराइल पर लगाया गया था। अमेरिका ने कहा कि वे इस हमले की जांच कर रहे हैं।