अमेरिकी संसद में ट्रम्प की सैन्य शक्तियों को सीमित करने वाला प्रस्ताव पास
वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी संसद में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की सैन्य शक्तियों को सीमित करने वाला प्रस्ताव पास हो गया है। वोटिंग में 4 रिपब्लिकन सांसदों ने भी विपक्षी पार्टी डेमोक्रेट्स का साथ दिया। हालांकि 3 रिपब्लिकन सांसद वोटिंग में शामिल नहीं हुए।
यह प्रस्ताव 50-47 से पास हुआ, हालांकि इसे कानून बनने के लिए अभी कुछ और चरणों से गुजरना होगा। अगर यह प्रस्ताव कानून बनता है, तो ट्रम्प सरकार को ईरान के खिलाफ युद्ध जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी लेनी होगी।
अभी सीनेट में इस पर अंतिम वोटिंग होनी बाकी है। इसके बाद इसे रिपब्लिकन बहुमत वाली हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से मंजूरी लेनी होगी। हालांकि उसके बाद भी ट्रम्प इसके खिलाफ वीटो कर सकते हैं। फिर उस वीटो को रद्द करने के लिए सीनेट और हाउस दोनों में दो-तिहाई बहुमत चाहिए होगा, जो फिलहाल मुश्किल माना जा रहा है।
युद्ध शुरू करने का अधिकार संसद के पास हो
यह वोट विपक्ष के लिए बड़ी जीत माना जा रहा है जो कह रहे थे कि अमेरिका में युद्ध शुरू करने या सेना भेजने का अधिकार राष्ट्रपति नहीं बल्कि संसद के पास होना चाहिए। अमेरिकी संविधान में भी यही व्यवस्था दी गई है। इस प्रस्ताव को वर्जीनिया के डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन लेकर आए हैं। बहस के दौरान उन्होंने कहा कि अभी जब युद्धविराम की बात हो रही है, तब ट्रम्प को संसद के सामने आकर अपनी रणनीति बतानी चाहिए।
डेमोक्रेट सीनेटर टिम केन ने कहा कि युद्ध शुरू करने का अधिकार संसद के पास है, सिर्फ राष्ट्रपति के पास नहीं। वहीं व्हाइट हाउस का कहना है कि ट्रम्प ने अमेरिकी सुरक्षा के लिए अपने अधिकारों के तहत कार्रवाई की है।
अमेरिकी कानून के मुताबिक कोई भी राष्ट्रपति बिना संसद की मंजूरी के सिर्फ 60 दिन तक सैन्य कार्रवाई चला सकता है। इसके बाद या तो युद्ध खत्म करना होता है, कांग्रेस से अनुमति लेनी होती है, या फिर सेना की सुरक्षित वापसी के लिए 30 दिन की अतिरिक्त मोहलत मांगनी होती है।
ट्रम्प बोले- अमेरिका ने ईरान पर कंट्रोल बना लिया
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने अब लगभग ईरान पर अपना कंट्रोल बना लिया है। वॉशिंगटन के पास पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान के साथ समझौते में समय लग रहा है, लेकिन उन्हें कोई जल्दी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके कार्यकाल के तीन महीने का बड़ा हिस्सा युद्धविराम में बीता है। ट्रम्प ने अफगानिस्तान और वियतनाम जैसे लंबे युद्धों का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका इस मामले को एक मौका देना चाहता है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि ईरान पर नियंत्रण से उनका मतलब सैन्य, राजनीतिक या किसी दूसरे प्रकार से है।
यूएन बोला- होर्मुज बंद होने से दुनिया में फूड संकट का खतरा
फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन ने चेतावनी दी है कि होर्मुज में रुकावट आने से दुनिया में फूड संकट पैदा हो सकता है। संगठन ने कहा कि इससे खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। यह संकट धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पहले इसका असर तेल और ऊर्जा पर पड़ेगा, फिर खाद, बीज, फसल उत्पादन और आखिर में फूड महंगाई बढ़ेगी। संगठन ने कहा कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो यह वैश्विक कृषि और फूड सिस्टम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
ईरान जंग रोकने वाला प्रस्ताव पास, ट्रम्प के चार सांसदों ने की क्रॉस वोटिंग
ईरान जंग रोकने वाला प्रस्ताव पास, ट्रम्प के चार सांसदों ने की क्रॉस वोटिंग