रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के बीच 'डॉन 3' को लेकर शुरू हुआ विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म से बाहर होने के बाद रणवीर ने फरहान के साथ रिश्ते सुधारने और भविष्य में किसी नए प्रोजेक्ट पर साथ काम करने की इच्छा जताई थी, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं हुई।
Indiaforums की रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर और उनके प्रोडक्शन पार्टनर रितेश सिधवानी को किसी नए प्रोजेक्ट पर साथ काम करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे दोनों पक्ष मिलकर चुनते। हालांकि, सूत्रों के अनुसार यह प्रस्ताव तुरंत ठुकरा दिया गया। रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फरहान अख्तर और उनकी बहन जोया अख्तर फिलहाल रणवीर के साथ दोबारा काम करने के इच्छुक नहीं हैं।
जानिए क्या है विवाद?
धुरंधर की सक्सेस के बाद रणवीर सिंह ने फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 अचानक छोड़ दी, जिसकी घोषणा 2023 में रणवीर के साथ हुई थी। मेकर्स का दावा है कि इससे उनका 45 करोड़ का नुकसान हुआ। पहले इस मामले की शिकायत प्रोड्यूसर गिल्ड में की गई, जिसके बाद ये मामला FWICE के पास पहुंचा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए फेडरेशन ने रणवीर सिंह को अलग-अलग मौकों पर 3 नोटिस भेजे, लेकिन उन्होंने साफ कहा कि ये लीगल मामला है, जो फेडरेशन द्वारा नहीं बल्कि कोर्ट के जरिए सुलझाना चाहिए।
आखिरकार फेडरेशन ने सोमवार को मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस रख रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया। ऐसे में रणवीर विवाद खत्म होने तक कोई नई फिल्म नहीं शूट कर सकेंगे। रणवीर सिंह की टीम बोली- वे सोच-समझकर चुप
रणवीर सिंह के स्पोक पर्सन ने कहा- रणवीर सिंह फिल्म इंडस्ट्री और 'डॉन' फ्रैंचाइजी से जुड़े हर इंसान का दिल से सम्मान करते हैं। 'डॉन 3' को लेकर हाल ही में जो कुछ भी हुआ है, उस पर उन्होंने सोच-समझकर चुप रहना ही सही समझा। उनका मानना है कि काम से जुड़ी बातें और आपसी रिश्ते हमेशा गरिमा, समझदारी और आपसी सम्मान के साथ ही संभाले जाने चाहिए।
इस बीच कई तरह की बातें और अफवाहें सामने आई हैं, लेकिन रणवीर ने कभी भी सरेआम इस पर कोई सफाई देना या इन अटकलों को बढ़ावा देना जरूरी नहीं समझा। उनका पूरा ध्यान पूरी तरह से उनके काम और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर है।
वे इस फिल्म से जुड़े सभी लोगों के लिए अपने दिल में सम्मान रखते हैं और चाहते हैं कि यह फ्रैंचाइजी आगे भी खूब कामयाब हो। ऐसे मुश्किल मौकों पर संयम और शालीनता बनाए रखना हमेशा से उनका अपना फैसला रहा है, और वे आगे भी इसी रुख पर कायम रहेंगे।"