नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम में पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट' से सम्मानित किया है। यह नॉर्वे के सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है।
इसे मिलाकर अब तक पीएम मोदी को 32 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इससे पहले कल स्वीडन ने भी उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया था।
पीएम मोदी ने आज नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में नॉर्वे के पीएम योनास स्टोरे के साथ जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पिछले साल भारत और यूरोपियन फ्री ट्रेड एसोसिएशन (EFTA) देशों के बीच ऐतिहासिक व्यापार और आर्थिक साझेदारी समझौता लागू हुआ था।
पीएम मोदी के मुताबिक, यह समझौता भारत और नॉर्वे के बीच साझा विकास और समृद्धि का मजबूत आधार बनेगा। इस समझौते के तहत अगले 15 साल में भारत में 100 अरब डॉलर के निवेश और 10 लाख नौकरियां पैदा करने का टारगेट रखा गया है।
नॉर्वे बोला- भारत जैसे लोकतांत्रिक देशों के साथ साझेदारी जरूरी
नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गार स्टोरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओस्लो दौरे को बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता, तनाव और संघर्ष के दौर में उन देशों के साथ रिश्ते मजबूत करना जरूरी है, जिनके साथ समान मूल्यों और हितों को साझा किया जाता है।
स्टोरे ने कहा कि दुनिया में इस समय काफी तनाव और अनिश्चितता का माहौल है। ऐसे समय में उन देशों के साथ रिश्ते मजबूत करना जरूरी है जिनकी सोच और मूल्य एक जैसे हों।
उन्होंने कहा कि भारत और नॉर्वे जैसे लोकतांत्रिक देशों के बीच सहयोग बहुत अहम है। प्रधानमंत्री मोदी की ओस्लो यात्रा दोनों देशों के मजबूत होते रिश्तों को दिखाती है।
स्टोरे ने कहा कि भारत और नॉर्वे कई नए समझौते करने जा रहे हैं, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग और बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते से दोनों पक्षों को काफी उम्मीदें हैं।
मोदी ने नॉर्वे के पीएम के साथ द्विपक्षीय मीटिंग की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनास गार स्टोरे के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
दोनों नेताओं के बीच व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों समेत कई अहम विषयों पर चर्चा हुई। भारत और नॉर्वे के संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी बातचीत की गई।
भारत और नॉर्वे के बीच 2.7 बिलियन डॉलर का व्यापार
भारत और नॉर्वे के बीच व्यापार करीब 2.73 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। वहीं नॉर्वे के सरकारी वेल्थ फंड ने भारतीय बाजारों में करीब 28 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। भारत और पूरे नॉर्डिक क्षेत्र के बीच कुल व्यापार करीब 19 बिलियन डॉलर आंका गया है।
यह यात्रा मार्च 2024 में हुए भारत-EFTA व्यापार समझौते के बाद हो रही है। इसके तहत भारतीय निर्यात को EFTA देशों में 99% से ज्यादा ड्यूटी-फ्री एक्सेस मिला है।

ओस्लो में होटल पहुंचने पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का स्वागत किया।

होटल में पीएम ने भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की।

नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोरे ने पीएम मोदी का एयरपोर्ट पर स्वागत किया।

नॉर्वे के राजा हेराल्ड पंचम पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित करते हुए।
कल भारत-नॉर्डिक समिट में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी
19 मई को ओस्लो में तीसरा भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। मोदी ने कहा कि यह उनके नॉर्डिक समकक्षों से मुलाकात का शानदार अवसर होगा। इस समिट में नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, फिनलैंड और आइसलैंड के नेता शामिल होंगे।
यह भारत-नॉर्डिक समिट पहली बार 2018 में स्टॉकहोम और दूसरी बार 2022 में कोपेनहेगन में हुई थी। इस बार बैठक में ग्रीन एनर्जी, डिजिटलाइजेशन, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन और आर्कटिक नीति जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
मोदी की यह यात्रा उनके 5 देशों के दौरे का चौथा चरण है। इससे पहले वे UAE, नीदरलैंड और स्वीडन का दौरा कर चुके हैं। इसके बाद वे इटली जाएंगे।