होर्मुज में नाकेबंदी जारी रही तो रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ में व्यापार रोकेंगे
तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ईरान ने दुनिया के 3 अहम समुद्री रास्ते बंद करने की धमकी दी है। उसने कहा है कि अगर अमेरिका ने होर्मुज और उसके बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखी, तो वह रेड सी, ओमान सागर और पर्शियन गल्फ (फारस की खाड़ी) में समुद्री व्यापार पूरी तरह रोक देगा।
ईरानी सेना के केंद्रीय कमांड सेंटर चीफ अली अब्दोल्लाही ने कहा कि अमेरिकी पाबंदियां और ईरानी जहाजों व तेल टैंकरों की सुरक्षा को खतरे में डालने की कोशिशें उकसावे की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए निर्णायक कार्रवाई करेगा। अमेरिका ने सोमवार से ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी लागू कर रखी है। यह कदम पाकिस्तान में हुई करीब 21 घंटे की अमेरिका-ईरान वार्ता के नाकाम रहने के बाद उठाया गया।
इस बीच पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल असीम मुनीर एक हाईलेवल डेलिगेशन के साथ तेहरान पहुंचे हैं। यह डेलिगेशन अमेरिका का संदेश लेकर आया है और अमेरिका-ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत को लेकर चर्चा करेगा। रिपोट्र्स के मुताबिक, वार्ता के दूसरे दौर का समय अभी तय नहीं हुआ है।
चीनी टैंकर होर्मुज पर नाकाबंदी तोडऩे में नाकाम
अमेरिकी प्रतिबंध झेल रहा चीनी टैंकर रिच स्टैरी बुधवार को फिर से होर्मुज में अमेरिकी नाकाबंदी नहीं तोड़ पाया। यह टैंकर संयुक्त अरब अमीरात के हमरियाह पोर्ट से चला था। वहां से इसमें करीब 2.5 लाख बैरल मेथेनॉल लोड किया था।
यह टैंकर खाड़ी से निकलने की कोशिश कर रहा था। लेकिन होर्मुज के आगे अमेरिकी नाकाबंदी की वजह से इसे वापस लौटना पड़ा। इससे पहले भी इस टैंकर ने मंगलवार को होर्मुज पार करने की कोशिश की थी।
रॉयटर्स के मुताबिक एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को अमेरिकी युद्धपोत ने दो तेल टैंकरों को रोक दिया, जो ओमान की खाड़ी में स्थित ईरान के चाबहार बंदरगाह से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। रिच स्टैरी और इसकी मालिक कंपनी शंघाई जुआनरन शिपिंग पर अमेरिका ने 2023 से प्रतिबंध लगा रखा है, क्योंकि वे ईरान के साथ व्यापार कर रहे थे।
लेबनान में एक हफ्ते का सीजफायर कर सकता है इजराइल
इजराइल लेबनान में एक हफ्ते का अस्थायी सीजफायर लागू कर सकता है। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, इजराइल की सिक्योरिटी कैबिनेट इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है और आने वाले कुछ दिनों में इस पर फैसला लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका इजराइल पर दबाव बना रहा है, ताकि लेबनान में तनाव कम किया जा सके और क्षेत्रीय स्तर पर बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके। प्रस्ताव के तहत एक हफ्ते का युद्धविराम लागू किया जाएगा, जिसके बाद हालात के अनुसार आगे की कार्रवाई तय होगी। शुरुआत में इजराइल ने इस प्रस्ताव का विरोध किया था, लेकिन अब इसके लागू किया जा सकता है।