देश में भीषण गर्मी का असर तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में लू चल रही है। प्रदेश का बांदा शनिवार को देश में सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बिहार के कई जिलों में रविवार को मौसम ने करवट ली। सुपौल, रक्सौल और मधुबनी समेत 10 जिलों में तेज बारिश हुई। दरभंगा में काले बादल से दिन में अंधेरा छा गया। किशनगंज में तेज आंधी और बारिश की वजह कई जगह पेड़ उखड़ गए।
मध्य प्रदेश के इंदौर और ग्वालियर जिले में आंगनवाड़ी केंद्र और 8वीं तक के सभी स्कूल 27 से 30 अप्रैल तक बंद रहेंगे। हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 42.2°C रहा। यहां 27 अप्रैल से बारिश का अनुमान भी है।
गर्मी बढ़ने के साथ देश में बिजली की मांग 252.07 गीगावॉट (GW) तक पहुंच गई, जो अब तक सबसे ज्यादा है। इससे पहले मई 2024 में 250 GW का रिकॉर्ड बना था। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के 10 राज्यों में हीटवेव और वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है।
27 अप्रैल:
हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में हीटवेव चलने की संभावना है।
आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
28 अप्रैल:
बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हीटवेव चलेगी। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म रातें रहने की भी आशंका है।
आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, गुजरात, गोवा, ओडिशा और तमिलनाडु में बहुत ज्यादा गर्म और उमस भरा मौसम हो सकता है।
देशभर से गर्मी की तस्वीरें

प्रयागराज में तेज गर्मी में एनर्जी के लिए नारियल पानी पीती युवती। यहां पारा 45.5°C रहा।

जम्मू में गर्मी से बचने के लिए मुंह पर पानी डालता युवक। यहां पारा 39.5°C रहा।

पटना में ट्राइसिकिल पर छाता लगाकर धूप से बचाव करता एक दिव्यांग।

सूरत के सरथाना नेचुरल पार्क में तालाब में गर्मी मिटाता बाघ।
IMD की एडवाइजरी
- दोपहर में धूप से बचें।
- ज्यादा पानी पिएं।
- हल्के कपड़े पहनें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
राजस्थान-बिहार में बारिश
राजस्थान में तेज गर्मी के बीच अचानक मौसम बदल गया। बीकानेर, सीकर, सवाई माधोपुर और बाड़मेर जिले में शनिवार को बारिश हुई। राजसमंद जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे। वहीं बिहार के सुपौल, किशनगंज और मधुबनी में शनिवार को तेज बारिश हुई।
नया अनुमान... मई में ही अल नीनो आने की आशंका
वर्ल्ड वेदर ऑर्गनाइजेशन ने अपने पूर्वानुमान में संशोधन कर कहा है कि अल नीनो कंडीशन मई से ही डेवलप होने की आशंका है। इसका मानसून पर नकारात्मक असर होगा। इससे पहले भारतीय मौसम विभाग ने कहा था कि इस वर्ष बारिश सामान्य से कम हो सकती है।