नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के चर्चित प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को ईडी की टीम तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थिति आवास पर पहुंची।
सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में ईडी अभिषेक बनर्जी से पूछताछ करना चाहती है। जांच एजेंसी जल्द ही उन्हें औपचारिक समन जारी करेगी। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम इसी महीने उनसे पूछताछ करने की तैयारी में है।
16 जून को होगी पूछताछ
जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए 16 जून की तारीख तय करते हुए समन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एजेंसी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन के पहलुओं की जांच कर रही है।
ईडी सूत्रों का कहना है कि प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की जांच के दौरान सामने आए कुछ तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर अभिषेक बनर्जी से पूछताछ को जरूरी माना गया है। इसी वजह से उन्हें जांच में सहयोग करने के लिए बुलाया जाएगा।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल का शिक्षक भर्ती घोटाला लंबे समय से जांच एजेंसियों के रडार पर है। इस मामले में पहले भी कई नेताओं, अधिकारियों और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।