टेक कंपनी ओरेकल के एक ई-मेल से गई 30 हजार लोगों की नौकरी, सॉरी- कंपनी में आज आपका आखिरी दिन
ओरेकल ने AI डेटा सेंटर में भारी निवेश के कारण 20,000 से 30,000 कर्मचारियों की छंटनी शुरू की
नई दिल्ली। टेक कंपनी ओरेकल (Oracle) ने अपनी अब तक की सबसे बड़ी छंटनी शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दुनियाभर में 20,000 से 30,000 तक कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। यह कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब 18% हिस्सा है।
छंटनी का यह फैसला ऐसे समय में लिया गया है, जब कंपनी AI डेटा सेंटर बनाने पर भारी निवेश कर रही है और उस पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है। कर्मचारियों को अचानक ईमेल के जरिए नौकरी खत्म होने की जानकारी दी गई। न कोई पहले चेतावनी, न मैनेजर से बात सीधे मेल में बताया गया कि उसी दिन उनका आखिरी काम का दिन है।
साइन किए बिना नहीं मिलेगा सेवरेंस
- छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को मुआवजा पाने के लिए एक शर्त रखी गई है। उन्हें डॉक्यूसाइन के जरिए भेजे गए टर्मिनेशन डॉक्यूमेंट पर साइन करना होगा, तभी उन्हें पैसा मिलेगा।
- कई कर्मचारियों को ईमेल सुबह 6 बजे (भारत समय) और अमेरिका में रात 3 बजे भेजा गया। इसके तुरंत बाद कई लोगों की कंपनी के सिस्टम तक पहुंच भी बंद कर दी गई।
- अमेरिका में कर्मचारियों को पहले साल के लिए 4 हफ्ते की सैलरी और उसके बाद हर साल के लिए 1 हफ्ते की सैलरी दी जा रही है, जिसकी अधिकतम सीमा 26 हफ्ते है।
अन्य कंपनियों से कम पैकेज
ओरेकल का यह पैकेज अन्य टेक कंपनियों की तुलना में कम बताया जा रहा है। हाल ही में कुछ कंपनियों ने ज्यादा सैलरी, हेल्थ इंश्योरेंस और अन्य सुविधाएं दी थीं, जबकि ओरेकल के पैकेज में ऐसी अतिरिक्त सुविधाएं नहीं हैं।
भारत में कर्मचारियों के लिए सामान्य N+2 फॉर्मूला लागू होने की संभावना है, यानी जितने साल काम किया, उतने महीने की सैलरी के साथ 2 महीने अतिरिक्त दिए जाएंगे। हालांकि, अनवेस्टेड RSU (शेयर) पूरी तरह खत्म कर दिए जाएंगे।
AI निवेश के लिए बढ़ा आर्थिक दबाव
रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इस छंटनी के जरिए 8 से 10 अरब डॉलर तक की बचत करना चाहती है। यह पैसा AI इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने में लगाया जाएगा। पिछले दो महीनों में कंपनी ने करीब 58 अरब डॉलर का कर्ज लिया है और सितंबर 2025 से उसके शेयर की कीमत आधे से ज्यादा गिर चुकी है।
कई अमेरिकी बैंकों ने भी इसके प्रोजेक्ट्स को फंड करने से पीछे हटना शुरू कर दिया है। छंटनी का असर कंपनी के कई विभागों जैसे क्लाउड, सेल्स, कस्टमर सक्सेस और नेटसूट पर पड़ा है।
कर्मचारियों पर पड़ा मानसिक असर
छंटनी का असर कर्मचारियों पर मानसिक रूप से भी पड़ा है। कंपनी के एक पूर्व सॉफ्टवेयर मैनेजर हृषिकेश नर्ष ने बताया कि 16 साल की नौकरी अचानक खत्म हो गई। उन्होंने कहा कि अब भी उन्हें ऐसा लगता है जैसे वह अपने पुराने काम की योजना बना रहे हैं, लेकिन अब वह उनकी जिम्मेदारी नहीं रही।