जयपुर/नई दिल्ली। देश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मई के आखिरी हफ्ते में जिस तरह मौसम में बदलाव हुआ है, वो जून की शुरुआत में भी जारी रहेगा।
मौसम विभाग ने 1 जून को दिल्ली, यूपी, बिहार समेत देश के 19 राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। IMD के मुताबिक, बारिश और आंधी के साथ 90 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। लोगों को सावधानी बरतने को को कहा गया है।
किन राज्यों में बारिश की चेतावनी?
मौसम विभाग के कई राज्यों में ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की है। 1 जून को देश के 19 राज्यों राजस्थान, यूपी, बिहार, दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, केरल, असम, त्रिपुरा और नागालैंड में तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
लोगों को गर्मी से मिलेगी राहत
गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए आगे आने वाले कुछ दिन राहत भरे रहेंगे। उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तेज गरज के साथ बारिश की संभावना है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश में एक जून के लिए तेज आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार-झारखंड में भी आंधी के साथ तेज बारिश की संभावना है। यहां 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।