नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने देश की बुलेट ट्रेन का डिजाइन पेश किया है। यह ट्रेन मुंबई और अहमदाबाद के बीच चलेगी। रेलवे मंत्रालय ने राष्ट्रीय राजधानी में इस ट्रेन की एक तस्वीर प्रदर्शित की है।
समाचार एजेंसी एएनआइ ने भारतीय रेलवे के एक बयान के हवाले से बताया, देश की पहली प्रस्तावित बुलेट ट्रेन की एक तस्वीर रेलवे मंत्रालय में प्रदर्शित की गई है। यह तस्वीर गेट नंबर 4 पर लगाई गई है।
देश की पहली बुलेट ट्रेन
भारतीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने फरवरी 2026 में लोकसभा को बताया कि 508 किलोमीटर लंबा मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (MAHSR) प्रोजेक्ट महाराष्ट्र, गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली से होकर गुजरेगा।
अश्विनी वैष्णव ने बताया था कि मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेन के इस रूट पर 12 स्टेशन होंगे- मुंबई, ठाणे, विरार, बोईसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती।
कितना हुआ बुलेट ट्रेन का काम?
भारतीय रेलवे के मुताबिक, MAHSR प्रोजेक्ट के लिए, गुजरात के आठ स्टेशनों (वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, आनंद, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती) पर नींव का काम पूरा हो चुका है। महाराष्ट्र में ठाणे, विरार और बोईसर में काम चल रहा है, जबकि बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्टेशन पर खुदाई का काम लगभग पूरा होने वाला है।
बुलेट ट्रेन का यह प्रोजेक्ट 'मेक इन इंडिया' पहल के तहत देश की हाई-स्पीड रेल क्षमताओं को बढ़ावा देगा। इसके तहत चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) और बेंगलुरु की BEML लिमिटेड मिलकर 280 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन गति वाली ट्रेनें विकसित कर रहे हैं।