उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कुछ देर बाद पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे। वे ईरान के साथ बातचीत करेंगे, ताकि युद्ध खत्म करने के लिए कोई समझौता हो सके। अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस के मुताबिक उनकी ईरानी डिलेगेशन के साथ अब मंगलवार नहीं बल्कि बुधवार को बातचीत होगी।
वेंस के साथ विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रम्प के दामाद जेरेड कुशनर भी होंगे। वे ऐसे समय में पाकिस्तान पहुंचेंगे, जब सीजफायर खत्म होने के कगार पर है। यह सीजफायर 22 अप्रैल को खत्म होने वाला था जिसे ट्रम्प 1 दिन के लिए बढ़ा दिया है।
वहीं, ईरानी मीडिया के मुताबिक, अभी तक पाकिस्तान में अमेरिका के साथ बातचीत के लिए कोई भी ईरानी प्रतिनिधिमंडल रवाना नहीं हुआ है। ईरान के संसद अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार गालिबाफ, विदेश मंत्री अरागची और उनके डिप्टी अभी ईरान में ही मौजूद हैं।
ईरान के सरकारी टीवी ने मंगलवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि ईरानी टीम बातचीत के लिए रवाना हो चुकी है।
पाकिस्तान जाने की तैयारी में ईरानी डेलिगेशन
ईरान का डेलिगेशन अमेरिका के साथ बातचीत के लिए पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने दो ईरानी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि यह डेलिगेशन आज इस्लामाबाद पहुंच सकता है। हालांकि इस बातचीत से पहले ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने शर्त रखी है कि वह तभी शामिल होंगे, जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी मौजूद हों।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स
आखिरी समय करीब: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ युद्धविराम बुधवार शाम 8 बजे (अमेरिकी समय) तक ही रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उससे पहले कोई समझौता नहीं होता है, तो इसे आगे बढ़ाने की संभावना बहुत कम है।
दूसरे दौर की वार्ता: उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अमेरिका के बड़े अधिकारी मंगलवार को पाकिस्तान रवाना हो सकते हैं, जहां बातचीत का दूसरा दौर होने की संभावना है। इससे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि बातचीत की कोई प्लानिंग नहीं है।
धीमी आवाजाही: सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट से सिर्फ 16 जहाज गुजरे। मरीन ट्रैफिक डेटा के मुताबिक, सोमवार को 9 जहाज होर्मुज में दाखिल हुए, जिनमें 2 ईरानी झंडे वाले जहाज थे, जिनमें से एक तेल टैंकर था। वहीं 7 जहाज बाहर निकले, जिनमें एक ईरानी कार्गो जहाज शामिल था।
लेबनान-इजराइल वार्ता: इजराइल और लेबनान के बीच बातचीत का दूसरा दौर 23 अप्रैल को तय किया गया है। इससे पहले 16 अप्रैल को दोनों देशों की बातचीत हुई थी जिसमें दोनों देशों ने 10 दिनों के लिए सीजफायर पर सहमति जताई थी।
ईरानी जहाज सीज: अमेरिका ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की कोशिश कर रहे टूस्का नाम के एक ईरानी जहाज को पकड़ लिया। यह चीन से लौट रहा था। ईरान ने इस पर नाराजगी जताई और अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।
US-ईरान बातचीत में ट्रम्प भी शामिल हो सकते हैं
अमेरिका और ईरान के साथ युद्धविराम पर बातचीत पाकिस्तान में बुधवार से फिर शुरू हो सकती है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान अगर कोई बड़ी प्रगति होती है, तो राष्ट्रपति ट्रम्प खुद या वर्चुअली इसमें शामिल हो सकते हैं।
रॉयटर्स के मुताबिक, बातचीत से जुड़े एक पाकिस्तानी सूत्र ने कहा कि तैयारियां चल रही हैं और बातचीत “सही दिशा में” है। इससे संकेत मिलता है कि पहले दौर में बिना समझौते के खत्म हुई बातचीत के बाद अब फिर से गति आ रही है।
इससे पहले ट्रम्प ने भी कहा था कि उन्हें ईरानी अधिकारियों से मिलने में कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा, “अगर वे मिलना चाहते हैं तो मुझे कोई समस्या नहीं है।”
ईरान में फ्लाइट सेवाएं फिर शुरू
ईरान धीरे-धीरे अपनी फ्लाइट सेवाएं फिर से शुरू कर रहा है, हालांकि अभी यह सीमित स्तर पर ही हो रहा है।
रान एयरपोर्ट्स कंपनी के प्रमुख ने मंगलवार को बताया कि तेहरान का इमाम खुमैनी एयरपोर्ट अब ओमान और तुर्किये के लिए उड़ानें संचालित करेगा।
बयान के अनुसार, तेहरान का मेहराबाद एयरपोर्ट भी सीमित संख्या में उड़ानों के साथ सेवाएं देने के लिए तैयार है।
दक्षिण-पूर्व में स्थित करमान और यज़्द एयरपोर्ट भी फिर से खोल दिए गए हैं। वहीं मशहद से मस्कट के बीच उड़ान शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।
चीन बोला- होर्मुज में आवाजाही जल्द सामान्य होगी
चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उसे उम्मीद है कि होर्मुज स्ट्रेट में आवाजाही जल्द से जल्द सामान्य हो जाएगी।
बयान में यह भी कहा गया कि चीन चाहता है कि अमेरिका और ईरान शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए बातचीत की प्रक्रिया को जारी रखें और उसमें प्रगति बनाए रखें।
पाकिस्तान के लिए ईरानी डेलिगेशन अब तक रवाना नहीं
ईरानी मीडिया के मुताबिक, अभी तक पाकिस्तान में अमेरिका के साथ बातचीत के लिए कोई भी ईरानी प्रतिनिधिमंडल रवाना नहीं हुआ है।
ईरान के सरकारी टीवी ने मंगलवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि ईरानी टीम बातचीत के लिए रवाना हो चुकी है।