Dainik Samrat Logo
🔗
💬 WhatsApp 📘 Facebook 🐦 Twitter
29 मई 2026
Epaper

सडक़ हादसा: मां-बेटे समेत चार की मौत, दो गंभीर घायल

सडक़ हादसा: मां-बेटे समेत चार की मौत, दो गंभीर घायल
सडक़ हादसा: मां-बेटे समेत चार की मौत, दो गंभीर घायल

दैनिक सम्राट संवाददाता
बालोतरा/बाड़मेर। पचपदरा थाना क्षेत्र के भांडियावास गांव के पास गुरुवार शाम दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। कार का पिछला टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सडक़ से करीब 10 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार सभी लोग ईद के मौके पर अजमेर शरीफ दरगाह में जियारत कर अपने गांव लौट रहे थे। पचपदरा थाना एएसआई अमराराम ने बताया कि शाम करीब 4 बजे कार पलटने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को बालोतरा के नाहटा जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया। बाद में जोधपुर रेफर किए गए दो घायलों में से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढक़र चार हो गई।
2 को जोधपुर रेफर किया
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रहमत (52) पत्नी नूर मोहम्मद, अरशद (8) पुत्र नूर मोहम्मद और कादर खान (35) पुत्र इनायत निवासी कोनरा विलायतशाह, चौहटन (बाड़मेर) के रूप में हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। हादसे में घायल काजे खान और हबीब खान को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है। वहीं नूर मोहम्मद, रजाक खान और सवाई खान का उपचार बालोतरा के निजी अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के अस्पताल पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गांव में हादसे की सूचना मिलते ही शोक का माहौल हो गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचने लगे।
इससे पहले गडरारोड़-मुनाबाव राष्ट्रीय राजमार्ग-25 पर तहसील मुख्यालय के सामने बेहद दर्दनाक हादसा हुआ हुआ था। यहां एक तेज रफ्तार कार ने 12 वर्षीय मासूम बच्ची की जान ले ली थी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया था। हालांकि, घबराहट में भागने के चक्कर में कुछ ही दूरी पर तामलोर फांटे के पास उसकी कार सडक़ किनारे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।